उत्तराखंड बना पूर्ण साक्षर राज्य, केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने CM धामी को दी बधाई

photo - thehansindia

 

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड के ‘पूर्ण साक्षर राज्य’ बनने पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उत्तराखंड ने 8 जुलाई 2026 को ‘उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ के तहत यह उपलब्धि हासिल की थी।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री को भेजे बधाई संदेश में कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री के नेतृत्व, प्रशासन की प्रतिबद्धता और प्रदेशवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उत्तराखंड ने पूर्ण साक्षरता हासिल कर देश के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण पेश किया है।

‘उल्लास’ ने वयस्क शिक्षार्थियों को बनाया सशक्त

प्रह्लाद जोशी ने कहा कि समग्र शिक्षा के माध्यम से बालवाटिका से लेकर कक्षा 12 तक शिक्षा की पहुंच, समानता और गुणवत्ता को मजबूत किया जा रहा है। वहीं उल्लास कार्यक्रम उन वयस्कों को शिक्षा से जोड़ने का काम करता है, जो किसी कारण औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गए।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के जरिए वयस्क शिक्षार्थियों को बुनियादी साक्षरता, जीवन कौशल और डिजिटल दक्षता उपलब्ध कराई जा रही है।

दूसरे राज्यों के लिए बनेगा प्रेरणा का मॉडल

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की यह उपलब्धि देश के अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भी पूर्ण एवं समावेशी साक्षरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सतत शिक्षा, जीवन कौशल और व्यावसायिक प्रशिक्षण के जरिए नव-साक्षरों को सशक्त बनाने तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में उत्तराखंड की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

CM धामी बोले- यह पूरे प्रदेश की सामूहिक उपलब्धि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उत्तराखंड का पूर्ण साक्षर राज्य बनना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल सरकार की नहीं, बल्कि शिक्षा विभाग, अधिकारियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों और प्रदेशवासियों की सामूहिक प्रतिबद्धता और जनभागीदारी का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ साक्षरता हासिल करने तक सीमित नहीं है। प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और आजीवन सीखने के अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

(Visited 1 times, 1 visits today)