रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम में बुधवार को एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने पर जिला प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हेली एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। गंभीर हालत में यात्री को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय, केदारनाथ से प्रशासन को यात्री की गंभीर स्थिति की सूचना मिली थी। चिकित्सकों ने तत्काल उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा की जरूरत बताते हुए मरीज को ऋषिकेश रेफर करने की सलाह दी।
सीने में तेज दर्द के बाद बिगड़ी हालत
चिकित्सालय के डॉ. धनवीर ने प्रशासन को भेजे अनुरोध पत्र में बताया कि 39 वर्षीय मुकेश सिंह के सीने में अचानक तेज दर्द उठा और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। चिकित्सकों के मुताबिक, इलाज में देरी होने पर उनकी हालत और बिगड़ सकती थी।
सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ समन्वय कर हेली एंबुलेंस की व्यवस्था की गई।
समय पर मिला एयरलिफ्ट का सहारा
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद मरीज को केदारनाथ से हवाई मार्ग के जरिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
केदारनाथ जैसे दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्र में आपात स्थिति के दौरान प्रशासन की यह त्वरित व्यवस्था मरीज को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित हुई।

