Site icon The Mountain People

हरिद्वार में कांवड़ियों की दो बाइकों में लगी आग, हाईवे से शंकराचार्य चौक तक मची अफरातफरी

 

 

 

हरिद्वार: कांवड़ मेले के दौरान रविवार को हरिद्वार में अलग-अलग स्थानों पर कांवड़ियों की दो बाइकों में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। पहली घटना पतंजलि योगपीठ के पास हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर हुई, जबकि दूसरी घटना शंकराचार्य चौक पर सामने आई। दोनों मामलों में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

पहली घटना पतंजलि योगपीठ के पास हाईवे पर हुई। कांवड़ियों की बाइक में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते बाइक धू-धूकर जलने लगी। आग बढ़ती देख बाइक सवारों ने तुरंत नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। बीच सड़क बाइक में आग लगने से हाईवे पर मौजूद कांवड़ियों और राहगीरों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।

आग की लपटें देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को घटनास्थल से दूर किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

दूसरी घटना रविवार दोपहर शंकराचार्य चौक पर हुई। यहां गंगाजल लेने हरिद्वार आ रहे एक कांवड़िए की बाइक में अचानक आग लग गई। चौक पर पहले से बड़ी संख्या में कांवड़िए मौजूद थे। सड़क के बीच बाइक से आग की तेज लपटें उठने लगीं तो वहां कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।

मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। पुलिस और दमकल कर्मियों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझा दी। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से किसी बड़े हादसे की स्थिति नहीं बनी।

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि दोनों घटनाओं में पुलिस और फायर टीम ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया। घटनाओं के बाद प्रभावित यातायात को भी सुचारू करा दिया गया।

Exit mobile version