Site icon The Mountain People

GPay लिंक खाते से उड़ाए ₹2.52 लाख, बिना ट्रांजैक्शन कर्मचारी बना साइबर ठगी का शिकार

 

 

 

अल्मोड़ा: उत्तराखंड में साइबर ठगों ने एक बार फिर ऑनलाइन बैंकिंग सुरक्षा को चुनौती दी है। इस बार ग्रामोत्थान परियोजना में कार्यरत एक कर्मचारी के GPay (गूगल पे) से लिंक बैंक खातों से बिना किसी लेन-देन के 2.52 लाख रुपये उड़ा लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दो बैंक खातों से पांच यूपीआई ट्रांजैक्शन

मूल रूप से नैनीताल के कोटाबाग निवासी गोपाल दत्त ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते गूगल पे से जुड़े हुए थे। 29 और 30 जुलाई को उन्होंने कोई ऑनलाइन भुगतान नहीं किया, लेकिन इसी दौरान पांच अलग-अलग यूपीआई ट्रांजैक्शन के जरिए कुल ₹2.52 लाख अज्ञात खातों में ट्रांसफर हो गए।

बैंक सेवाएं कराईं ब्लॉक, पुलिस जांच में जुटी

धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़ित ने 1 अगस्त को दोनों बैंकों में यूपीआई और अन्य ऑनलाइन लेन-देन सेवाएं तत्काल बंद कराईं। साथ ही साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस में तहरीर देकर रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ऐसे हुई ठगी

  • 29 जुलाई: बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से ₹96,000 और एसबीआई खाते से ₹20-20 हजार के तीन ट्रांजैक्शन।
  • 30 जुलाई: बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से फिर ₹96,000 की निकासी।
  • कुल ठगी: ₹2.52 लाख

साइबर पुलिस की सलाह

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, क्यूआर कोड या फाइल पर क्लिक न करें। अपना UPI PIN, OTP या बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ही बैंकिंग ऐप डाउनलोड करें और खाते से जुड़े एसएमएस अलर्ट हमेशा सक्रिय रखें। किसी भी संदिग्ध लेन-देन की स्थिति में तुरंत बैंक को सूचित करें और 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें।

 
Exit mobile version