आपदा से मुकाबले को और मजबूत करेगा उत्तराखंड, एनडीआरएफ बटालियन पहुंचे सीएम धामी
The Mountain People
गदरपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अपने गदरपुर दौरे के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) बटालियन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और जवानों से मुलाकात कर आपदा प्रबंधन की तैयारियों, राहत एवं बचाव अभियानों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक दृष्टि से आपदा संभावित राज्य है। ऐसे में एनडीआरएफ की भूमिका लोगों की जान बचाने और संकट की घड़ी में त्वरित राहत पहुंचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक आधुनिक, सशक्त और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
सीएम धामी ने एनडीआरएफ के अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी वे साहस, अनुशासन और समर्पण के साथ मानव जीवन की रक्षा में जुटे रहते हैं। उनकी सेवा भावना पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को सभी की साझा जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीक, नियमित प्रशिक्षण और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय को प्राथमिकता दी जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव अभियान और अधिक तेज़ एवं प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकें।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बटालियन की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों और आपदा राहत अभियानों की विस्तृत जानकारी भी दी।