टिहरी में दिल दहला देने वाली वारदात: बेटे पर मां की हत्या का आरोप, वारदात के बाद जंगल की ओर फरार
The Mountain People
नई टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जाखणीधार ब्लॉक की ग्राम पंचायत कोटी खास में एक 53 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। पुलिस को आशंका है कि वारदात को महिला के बेटे ने अंजाम दिया और घटना के बाद वह फरार हो गया। मामले की जांच जारी है।
बुधवार सुबह जब डुग्गा देवी अपने घर से बाहर नहीं निकलीं तो ग्रामीणों को संदेह हुआ। पड़ोसियों ने घर के अंदर जाकर देखा तो वह कमरे में मृत अवस्था में पड़ी थीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने मृतका के बेटे अजय सिंह सजवाण पर शक जताया है, जो घटना के बाद से लापता है।
पुलिस के अनुसार, मृतका के भतीजे कृष्ण सजवाण की शिकायत पर अजय सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। एसडीआरएफ और वन विभाग के सहयोग से आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
एक महीने पहले ही लौटा था गांव
ग्रामीणों के अनुसार, 32 वर्षीय अजय सिंह पहले विदेश के एक होटल में काम करता था। बाद में वह इंदौर के एक होटल में नौकरी कर रहा था, लेकिन करीब एक महीने पहले नौकरी छोड़कर गांव लौट आया था। बताया जा रहा है कि वह कई दिनों तक घर से गायब रहता और जंगलों में भटकता था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं उसकी मानसिक स्थिति का घटना से कोई संबंध तो नहीं है।
फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।