Site icon The Mountain People

मतदाता पुनरीक्षण अभियान में तेजी, सभी जिलाधिकारियों को फील्ड विजिट और समय पर सुनवाई के निर्देश

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दूसरे चरण को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक कर नोटिस वितरण और सुनवाई प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों में मतदाताओं को जारी किए जा रहे नोटिस, उनकी सुनवाई के लिए बनाई गई कार्ययोजना और तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने हैं, उन्हें समय पर नोटिस उपलब्ध कराया जाए और सुनवाई के लिए पर्याप्त अवसर दिया जाए।

डॉ. पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (AERO) की सहायता के लिए शिक्षा, राजस्व, तहसील और अन्य संबंधित विभागों से नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाए, ताकि दस्तावेजों का सत्यापन तेजी और पारदर्शिता के साथ किया जा सके।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को विधानसभा क्षेत्रों का नियमित फील्ड निरीक्षण करने और अभियान की प्रगति की लगातार समीक्षा करने के भी निर्देश दिए, जिससे पुनरीक्षण प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के सभी जनपदों में 100 प्रतिशत नोटिस प्रिंट कर ERO और BLO स्तर तक पहुंचा दिए गए हैं, जबकि नोटिसों की सुनवाई की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

समीक्षा बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version