देहरादून: देहरादून के नंदा की चौकी पर नवनिर्मित पुल को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया है कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण पुल की एप्रोच रोड के नीचे से मलबा बह जाने से उसका एक हिस्सा धंस गया है, जिसे युद्ध स्तर पर दुरुस्त किया जा रहा है।
सचिव ने बताया कि सोमवार रात हुई तेज बारिश के चलते एप्रोच रोड के नीचे की मिट्टी और मलबा बह गया, जिससे सड़क का एक हिस्सा प्रभावित हुआ। हालांकि पुल की संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और यातायात जल्द बहाल करने के लिए तेजी से मरम्मत का कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी अधिकारी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : PM मोदी के वीडियो पर कुछ देर लगी रोक, Meta बोला- कानूनी नहीं, तकनीकी गड़बड़ी थी वजह
पंकज कुमार पांडेय ने कहा कि लगातार बारिश के कारण नदी का बहाव तेज है, जिसे नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मौके पर सिंचाई विभाग के अधिकारी भी तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में यदि कहीं नई बनी सड़क समय से पहले क्षतिग्रस्त होती है तो उसके कारणों की भी जांच होगी और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सचिव ने बताया कि प्रदेशभर में बारिश से बंद हुई सड़कों को खोलने के लिए विभाग युद्ध स्तर पर काम कर रहा है। बंद मार्गों की स्थिति विभागीय पोर्टल पर लाइव अपडेट की जा रही है और प्रयास है कि सभी सड़कें 24 घंटे के भीतर यातायात के लिए खोल दी जाएं।
उन्होंने देहरादून-मसूरी मार्ग का भी उल्लेख करते हुए बताया कि वहां एक नए जलस्रोत के सक्रिय होने से बार-बार मलबा आ रहा है। इस स्थान पर विभाग की टीम मशीनों और आवश्यक उपकरणों के साथ तैनात है, ताकि मार्ग को सुरक्षित और सुचारु रखा जा सके।

