पिथौरागढ़ की आरती ने रोमानिया में लहराया तिरंगा, गोल्डन बेल्ट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण
The Mountain People
पिथौरागढ़: उत्तराखंड की बेटियां अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के गौरीहाट गांव की मुक्केबाज आरती धरियाल ने रोमानिया में आयोजित गोल्डन बेल्ट इंटरनेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
54 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में आरती ने मेजबान रोमानिया की मुक्केबाज को तीसरे राउंड में हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी इस शानदार जीत के साथ ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा गर्व से लहराया।
आरती की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव गौरीहाट सहित पूरे पिथौरागढ़ जिले में खुशी की लहर है। परिजनों और क्षेत्रवासियों ने इसे उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण बताया है।
आरती के पिता उत्तम सिंह धरियाल ने बताया कि बेटी को बचपन से ही बॉक्सिंग का जुनून था। हाल ही में 4 जुलाई को उनका चयन सीमा सुरक्षा बल (BSF) में हुआ, जहां उन्होंने अपनी सेवाएं भी शुरू कर दी हैं।
शिक्षा की बात करें तो आरती ने हाईस्कूल की पढ़ाई विश्व भारती पब्लिक स्कूल, वड्डा और इंटरमीडिएट हिमालया पब्लिक स्कूल, पिथौरागढ़ से पूरी की। इससे पहले भी वह यूथ नेशनल चैंपियनशिप-2021 और खेलो इंडिया-2022 में रजत पदक जीत चुकी हैं। वहीं एलिट नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025 और 2026 में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया था।
अपनी जीत के बाद आरती ने इसका श्रेय अपने प्रशिक्षकों, बॉक्सिंग फेडरेशन और भारतीय खेल प्राधिकरण को दिया। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर ग्राम प्रधान ज्योति धरियाल सहित क्षेत्र के लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।