रामनगर से देहरादून के लिए पहली एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी, अब एक ही दिन में आना-जाना होगा आसान

photo - social media

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड के कुमाऊँ और गढ़वाल मंडल के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। रेल मंत्रालय ने 15310/15309 रामनगर–देहरादून–रामनगर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दे दी है। यह रामनगर और देहरादून के बीच चलने वाली पहली एक्सप्रेस ट्रेन होगी, जिससे वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है।

नई ट्रेन हर बुधवार और शुक्रवार रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन उसी दिन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर ठहरेगी।

यह भी पढ़ें : भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन पटरी पर, जींद-सोनीपत रूट से शुरू हुआ ग्रीन रेल युग

नई सेवा शुरू होने से नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। छात्र, व्यापारी, किसान और नौकरीपेशा लोग अब राजधानी देहरादून या हरिद्वार जाकर एक ही दिन में अपना काम निपटाकर वापस लौट सकेंगे।

पर्यटन के लिहाज से भी यह ट्रेन अहम साबित होगी। जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, गिरिजा देवी मंदिर और सीतावनी क्षेत्र आने वाले पर्यटकों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। वहीं हरिद्वार और देहरादून से चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में एसी सेकेंड, एसी थर्ड, एसी चेयर कार, स्लीपर, सेकेंड सीटिंग और जनरल कोच उपलब्ध कराए जाएंगे।

रेल मंत्रालय के इस फैसले को कुमाऊँ और गढ़वाल के बीच बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

(Visited 232 times, 232 visits today)