रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। फाटा और बड़ासू के बीच तरसाली के पास एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, दुर्घटना की सूचना रात 8:43 बजे मिली। UK13CA0826 नंबर का डंपर खाई में गिर गया था। बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
यह भी पढ़ें : देहरादून में ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती, 43 धार्मिक स्थलों से हटाए गए लाउडस्पीकर
रेस्क्यू टीम ने खाई से 45 वर्षीय संजय राणा का शव बरामद कर सड़क तक पहुंचाया। वहीं दूसरे व्यक्ति मोहन का भी घटनास्थल पर पता लगा लिया गया। देर रात तक उसका शव निकालने का अभियान जारी रहा।
दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने दुर्गम क्षेत्र में लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, जबकि प्रशासन मृतकों की पहचान और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है।
प्रशासन ने लोगों से पर्वतीय मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

