Site icon The Mountain People

उत्तराखंड में आज भारी बारिश का येलो अलर्ट, छह जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने रविवार को राज्य के देहरादून, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों और कुछ मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर तेज से बहुत तेज बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कें बाधित होने का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, चारधाम यात्रा मार्गों और अन्य पर्वतीय सड़कों पर सफर करने वाले यात्रियों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करने की अपील की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी सभी संबंधित विभागों को किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।

मसूरी में सबसे अधिक 29 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मसूरी में 29 मिमी और पिथौरागढ़ में 23.1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हाथीबड़कला, मालदेवता, कंडा, गंगोलीहाट, बेरीनाग, रुद्रप्रयाग, देहरादून, थराली, टनकपुर और कौसानी समेत कई क्षेत्रों में भी बारिश हुई।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे लोगों को मौसम संबंधी सभी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

 
 
Exit mobile version