14 जुलाई से वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का मौका, ड्राफ्ट सूची होगी जारी
The Mountain People
हल्द्वानी: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत एक महीने तक चले घर-घर सर्वे के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची तैयार हो गई है। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम इस सूची में नहीं है तो उसे चिंता करने की जरूरत नहीं है। 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के माध्यम से आवेदन कर नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जा सकेगा।
एसआईआर अभियान के तहत 8 जून से 8 जुलाई तक बीएलओ ने घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया और संबंधित प्रपत्र भरवाए। इसी सर्वे के आधार पर ड्राफ्ट मतदाता सूची तैयार की गई है, जो 14 जुलाई से बूथ स्तर पर बीएलओ के पास उपलब्ध रहेगी। मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के बाद यदि नाम नहीं मिलता है तो संबंधित फॉर्म भरकर आवेदन किया जा सकता है।
नैनीताल जिले की छह विधानसभा सीटों में सर्वे के दौरान 7,65,135 मतदाताओं का सत्यापन किया गया। इसमें 10,182 मतदाताओं की मृत्यु, 45,763 के दूसरे स्थान पर स्थानांतरित होने, 4,480 के नाम पहले से अन्य स्थान पर दर्ज होने और 11,142 लोगों से कई प्रयासों के बावजूद संपर्क न होने की जानकारी सामने आई।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अंतिम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। यदि किसी योग्य व्यक्ति का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है तो वह 14 जुलाई से 13 अगस्त के बीच बीएलओ के पास आवेदन कर सकता है। साथ ही 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर मिलेगा।