Site icon The Mountain People

देहरादून में क्विक रिस्पॉन्स टीम की शुरुआत, शादी-ब्याह समेत आयोजनों का कचरा अब तुरंत होगा साफ

 

 

 

देहरादून: शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाने के लिए देहरादून नगर निगम ने शुक्रवार को क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का शुभारंभ किया। शहरी विकास एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने पांच विशेष वाहनों को हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया। इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल, नगर आयुक्त आलोक पाण्डेय, पार्षदों और नगर निगम के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश को ग्रीन और क्लीन उत्तराखंड बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य के तहत नगर निगम ने क्विक रिस्पॉन्स टीम की शुरुआत की है, जिससे शहर में सफाई व्यवस्था और अधिक तेज एवं प्रभावी होगी।

उन्होंने कहा कि मेयर, नगर आयुक्त, पार्षदों तथा नगर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों के सामूहिक प्रयासों से शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

मंत्री ने बताया कि यह टीम विशेष रूप से शादी-विवाह, सामाजिक और सार्वजनिक आयोजनों में मौके पर पहुंचकर वहां एकत्र होने वाले कूड़ा-कचरे का तत्काल निस्तारण करेगी। टीम कचरे को तुरंत उठाकर निर्धारित स्थान तक पहुंचाएगी, जिससे सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी जमा नहीं होगी और नागरिकों को बेहतर स्वच्छता का लाभ मिलेगा।

नगर निगम का मानना है कि यह पहल शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी तथा स्वच्छ शहर अभियान को नई गति प्रदान करेगी।

 
 
Exit mobile version