देहरादून कैंट में बंच केबिल कार्य के लिए 4.92 करोड़, उत्तरकाशी के 123 आपदा प्रभावित परिवारों को 3.69 करोड़ की राहत

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आधारभूत अवस्थापना सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने और आपदा प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए 8.61 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्रदान की हैं।

मुख्यमंत्री ने देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र के बंच केबिल से वंचित इलाकों में विद्युत विभाग द्वारा कराए जा रहे बंच केबिल कार्य के लिए 4.92 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इससे संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुरक्षित और सुदृढ़ होगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जनपद उत्तरकाशी में हालिया आपदा से पूरी तरह क्षतिग्रस्त 123 आवासीय भवनों के प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 3.69 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके तहत तहसील भटवाड़ी के धराली और हर्षिल सहित डुण्डा, चिन्यालीसौड़, बड़कोट और मोरी क्षेत्रों के प्रभावित परिवारों को प्रति भवन 3 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। प्रभावितों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराने के साथ ही प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

 
 
(Visited 559 times, 1 visits today)