Site icon The Mountain People

योग को बनाएं जीवन का हिस्सा, स्वस्थ समाज की रखें नींव : मुख्यमंत्री धामी

 

 

 

देहरादून: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने आवास पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने योग को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का आधार बताते हुए सभी नागरिकों से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर नई पहचान और सम्मान प्राप्त हुआ है। आज दुनिया के अनेक देशों में योग को स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में अपनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के मन, विचार और जीवनशैली को भी सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, आत्मविश्वास बढ़ता है और व्यक्ति अधिक ऊर्जावान तथा अनुशासित जीवन जीने में सक्षम बनता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में योग की उपयोगिता और अधिक बढ़ गई है। यह व्यक्ति को मानसिक दबाव से मुक्ति दिलाने के साथ-साथ जीवन में संतुलन और सकारात्मकता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में योग कार्यक्रमों में भाग लेने और योग को जन-आंदोलन बनाने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड और स्वस्थ भारत के निर्माण में योग एक महत्वपूर्ण आधार बन सकता है।

Exit mobile version