देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तराखंड सचिवालय संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने नवचयनित टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि सचिवालय परिवार सुशासन और जनसेवा के नए मानक स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री ने संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी, उपाध्यक्ष राकेश जोशी, संजय कुमार शर्मा एवं प्रमिला टम्टा, महासचिव राजेंद्र रतूड़ी, सचिव अतुल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दिव्यांशु डोभाल और सुरेंद्र सिंह रावत, संप्रेक्षक रीना मखनवाल, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह बर्त्वाल तथा प्रचार सचिव दीपक बिष्ट सहित सभी पदाधिकारियों को बधाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सचिवालय प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था का केंद्र बिंदु है, जहां से जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास नीतियों को आकार दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सचिवालय केवल एक प्रशासनिक भवन नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और शासन की कार्यप्रणाली का प्रमुख आधार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास लक्ष्यों को धरातल पर उतारने में सचिवालय में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने में सचिवालय परिवार एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के साथ सतत संवाद और सहयोग की नीति पर कार्य कर रही है। विभिन्न कर्मचारी संगठनों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर समाधान की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सुशासन की सफलता एक सक्षम, प्रेरित और जिम्मेदार कर्मचारी तंत्र पर निर्भर करती है। जब शासन और कर्मचारी एक टीम की तरह कार्य करते हैं, तब विकास योजनाओं का प्रभाव अधिक व्यापक रूप से जनता तक पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने, डिजिटल सेवाओं का विस्तार करने और ई-गवर्नेंस को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। सरकार का लक्ष्य नागरिकों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सचिवालय संघ की नई कार्यकारिणी सकारात्मक कार्य संस्कृति, बेहतर समन्वय और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के संकल्प को मजबूती देगी।
समारोह में शासन के वरिष्ठ अधिकारी, सचिवालय संघ के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

