Site icon The Mountain People

वैरागीवाला हिंसा पर भाजपा का पलटवार: कानून से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई- मनवीर चौहान

photo- newscubic

 

 

 

 

देहरादून :भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा है कि उत्तराखंड में कानून का राज कायम है और कानून हाथ में लेने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चौहान ने कहा कि वैरागीवाला में हुई दुखद घटना के बाद पुलिस ने तत्परता और संयम के साथ कार्रवाई करते हुए किसी भी संभावित उपद्रव की साजिश को विफल किया है। उन्होंने बताया कि मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद कुछ तत्वों द्वारा प्रदेश का सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने लगातार कार्यकर्ताओं से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया, घायलों को अस्पताल पहुंचाया और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया।

चौहान ने कहा कि घटना में भाजपा का एक कार्यकर्ता अपनी जान गंवा चुका है और पार्टी पूरी मजबूती के साथ उसके परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सामने आ रहे हैं, जिनसे घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो रही है।

उन्होंने कहा कि हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और जल्द ही सभी दोषी कानून के शिकंजे में होंगे। साथ ही यदि किसी व्यक्ति या समूह की भूमिका घटना को संरक्षण देने में पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मनवीर चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार अपराध और अराजकता के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलते जनसांख्यिकीय परिदृश्य (डेमोग्राफी) को लेकर भी सरकार पूरी तरह सतर्क है और आवश्यक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि वैरागीवाला प्रकरण में शामिल सभी आरोपियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति ऐसी घटनाओं को अंजाम देने का साहस न कर सके।

Exit mobile version