पौड़ी गढ़वाल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पौड़ी दौरे के दौरान जनपद को विकास और सांस्कृतिक संरक्षण की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जहां करीब 110.55 करोड़ रुपये की 19 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, वहीं कंडोलिया महोत्सव को राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किए जाने की महत्वपूर्ण घोषणा भी की।
दौरे की शुरुआत मुख्यमंत्री ने श्रीनगर रोड स्थित नव विकसित डॉ. अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय के लोकार्पण से की। संग्रहालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने विज्ञान आधारित गतिविधियों, प्रयोगात्मक शिक्षण मॉडल और आधुनिक तकनीकी प्रदर्शनों का अवलोकन किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि यह विज्ञान संग्रहालय बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय प्रयोगों और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से समझने की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संग्रहालय भविष्य के वैज्ञानिकों और नवप्रवर्तकों को प्रेरित करेगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कंडोलिया महोत्सव को राजकीय महोत्सव का दर्जा देने की घोषणा करते हुए कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त मंच बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में 110 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 19 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चारधाम यात्रा लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है और राज्य सरकार पहाड़ के अंतिम गांव तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालय, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, मिलेट मिशन, नई पर्यटन नीति, फिल्म नीति, होमस्टे और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा रही है। उन्होंने युवाओं के हितों की रक्षा के लिए लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे ऐतिहासिक फैसले लागू कर चुकी है।
मुख्यमंत्री ने पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्र में चल रही प्रमुख परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि एनसीसी अकादमी, एनआईटी परिसर, गंगा संस्कृति केंद्र, सिंगटाली पुल, पौड़ी-श्रीनगर सड़क चौड़ीकरण, झील निर्माण, ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक और खेल अवस्थापना से जुड़ी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास, पर्यटन और रोजगार को नई गति प्रदान करेंगी।
कंडोलिया महोत्सव को राजकीय महोत्सव का दर्जा मिलने और विकास योजनाओं की सौगात के साथ पौड़ी गढ़वाल के लिए यह दिन ऐतिहासिक साबित हुआ।

