विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में भीषण हादसा: पिघले स्टील की चपेट में आए मजदूर, 8 की मौत, कई घायल
The Mountain People
नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित स्टील प्लांट में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे संयंत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्लांट की एसएमएस-2 और एसटीसी-3 हीट फैसिलिटी में अत्यधिक तापमान पर पिघला हुआ स्टील ले जा रही एक लैडल (विशेष कंटेनर) अचानक फट गई। इसके चलते बड़ी मात्रा में पिघला स्टील बाहर फैल गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा होते ही क्षेत्र में भगदड़ मच गई। कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। प्लांट की आपातकालीन टीम और अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और प्रभावित कर्मचारियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगलापुडी अनीता ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर हादसे की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही अधिकारियों को घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
गृह मंत्री स्वयं भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं और लगातार प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में बनी हुई हैं। उधर, जिला प्रशासन और प्लांट प्रबंधन दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गए हैं। हादसे के बाद सुरक्षा मानकों और औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है, जबकि घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।