उत्तराखंड में SIR अभियान शुरू, सोमवार से घर-घर पहुंचेंगे BLO, मतदाताओं को बांटेंगे गणना फार्म

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत सोमवार से मतदाताओं तक गणना फार्म पहुंचाने का कार्य शुरू होगा। राज्य के सभी 11,733 बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करेंगे और निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें डिजिटल स्वरूप में अपलोड भी करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी B. V. R. C. Purushottam ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सभी बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं और 8 जून से 7 जुलाई तक राज्यभर में यह विशेष अभियान चलाया जाएगा।

BLO ऐप के जरिए होगा डिजिटलीकरण

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बीएलओ द्वारा प्राप्त गणना फार्मों को “बीएलओ ऐप” के माध्यम से डिजिटल किया जाएगा। इस प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

‘बुक ए कॉल विद BLO’ सुविधा उपलब्ध

जो मतदाता नौकरी, व्यवसाय या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे “बुक ए कॉल विद BLO” सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

इसके लिए मतदाता Voters Service Portal पर जाकर या ECI-Net मोबाइल ऐप डाउनलोड कर अपने बीएलओ के साथ कॉल शेड्यूल कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेंगे।

यदि किसी घर पर पहली बार बीएलओ को मतदाता नहीं मिलता है तो वह अधिकतम तीन बार वहां जाएगा। साथ ही घर पर एक स्टीकर लगाकर अगली विजिट की तारीख और अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज करेगा, ताकि मतदाता सुविधानुसार संपर्क कर सके।

पासपोर्ट साइज फोटो रखें तैयार

निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अनुरोध किया है कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें और गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराएं।

हालांकि, 8 जून से 7 जुलाई के बीच चलने वाले इस घर-घर अभियान के दौरान मतदाताओं से किसी अन्य दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी।

महत्वपूर्ण तिथियां

  • 8 जून से 7 जुलाई 2026: गणना फार्म वितरण एवं संग्रहण
  • 14 जुलाई 2026: ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन
  • 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026: दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की अवधि
  • 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026: दावे-आपत्तियों का निस्तारण
  • 15 सितंबर 2026: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

नए मतदाता भी करा सकेंगे पंजीकरण

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पात्र नागरिक स्वयं भी ECI-Net के माध्यम से गणना फार्म डाउनलोड कर भर सकते हैं और उसे ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं।

इसके अलावा जिन पात्र व्यक्तियों का नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपने बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 भर सकते हैं। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के दौरान ऐसे आवेदनों पर भी विचार किया जाएगा।

निर्वाचन विभाग का लक्ष्य इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।

 

 

(Visited 4 times, 2 visits today)