SIR अभियान को सफल बनाने के लिए सभी दल शत-प्रतिशत BLA नियुक्त करें: डॉ. विजय कुमार जोगदंडे
The Mountain People
देहरादून: उत्तराखंड के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की कि वे एसआईआर अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करें। उन्होंने कहा कि बीएलए की सक्रिय भागीदारी से मतदाता सूची का पुनरीक्षण अधिक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान में 11,733 पोलिंग बूथ हैं, जिनके सापेक्ष विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा अब तक 22,823 बूथ लेवल एजेंट तैनात किए जा चुके हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों से निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।
बैठक में प्रकाश चन्द्र दुम्का, किशन सिंह नेगी सहित भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।