मुख्य सचिव ने स्कूल, आंगनबाड़ी, पुस्तकालय और स्टेडियम का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर
The Mountain People
टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दूसरे दिन बौराड़ी क्षेत्र स्थित राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र ढुंगीधार, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय और बौराड़ी स्टेडियम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, खेल एवं पुस्तकालय सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केन्द्र ढुंगीधार के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने बच्चों की संख्या, उपलब्ध खेल सामग्री तथा पोषण आहार की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की और बच्चों का वजन भी माप करवाया। उन्होंने एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए घर-घर पहुंचकर निगरानी की जाए।
इसके बाद मुख्य सचिव ने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मध्यान्ह भोजन योजना, विद्यार्थियों की उपस्थिति, फर्नीचर और अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों पर उन्होंने शिक्षकों की सराहना की और आवश्यक सुविधाओं के सतत अनुश्रवण के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने श्रीदेव सुमन पुस्तकालय का निरीक्षण कर पुस्तकों, अभिलेखों और दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि यह पुस्तकालय पुरानी टिहरी से विस्थापित होकर वर्तमान स्थान पर स्थापित किया गया है। यहां राजशाही काल से लेकर आधुनिक विषयों तक की समृद्ध पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध है, जिसका लाभ शोधार्थियों, साहित्य प्रेमियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को मिल रहा है।
इसके पश्चात मुख्य सचिव ने बौराड़ी स्टेडियम का निरीक्षण किया तथा प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल निर्माण स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका परिषद टिहरी अध्यक्ष मोहन सिंह रावत एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा (Jacaranda) के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।