Site icon The Mountain People

केदारनाथ यात्रा के दौरान लापता हुए मध्य प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालु, प्रशासन ने शुरू की तलाश

 

 

 

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम यात्रा के बीच मध्य प्रदेश से आए एक बुजुर्ग श्रद्धालु के लापता होने का मामला सामने आया है। 71 वर्षीय श्रद्धालु पिछले कई दिनों से अपने परिजनों के संपर्क में नहीं हैं, जिसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई है। सूचना मिलने पर जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिजाजी लाल चौरसिया निवासी ग्राम पनागर, जिला छतरपुर केदारनाथ यात्रा पर आए थे। बताया जा रहा है कि वे 29 मई से केदारनाथ क्षेत्र में लापता हैं।

परिजनों ने उनसे संपर्क करने के लिए कई बार मोबाइल फोन पर कॉल किया, लेकिन उनका फोन लगातार बंद आ रहा है। काफी प्रयासों के बाद भी कोई संपर्क नहीं होने पर परिवार ने प्रशासन को मामले की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने खोजबीन शुरू कर दी है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर तैनात सभी सेक्टर अधिकारियों, यात्रा पड़ावों, यात्री विश्राम स्थलों, चिकित्सा इकाइयों और सुरक्षा कर्मियों को सतर्क किया है।

प्रशासन ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मिजाजी लाल चौरसिया दिखाई दें या उनके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचित किया जाए, ताकि उन्हें सुरक्षित ढंग से खोजा जा सके।

चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है और लापता श्रद्धालु की तलाश के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।

 
 
Exit mobile version