Site icon The Mountain People

पौड़ी के औणी गांव में गुलदार का हमला, महिला गंभीर घायल, ग्रामीणों में दहशत

 

 

 

TMP: पौड़ी जनपद के औणी गांव में गुलदार के हमले से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। रविवार शाम करीब छह बजे गुलदार ने एक महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला का उपचार मेडिकल कॉलेज श्रीनगर बेस अस्पताल में चल रहा है, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

जानकारी के अनुसार औणी गांव निवासी विनीता देवी (45) पड़ोस से दूध लेकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान गदेरे के पास घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह गुलदार को भगाया। बाद में घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया।

पूर्व ग्राम प्रधान गीता देवी ने बताया कि घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। ग्रामीण लगातार आदमखोर हो चुके गुलदार को पकड़ने या मारने की मांग कर रहे हैं।

10 दिन में दूसरा हमला

क्षेत्र में पिछले 10 दिनों के भीतर गुलदार का यह दूसरा हमला है। इससे पहले 15 मई को समीपवर्ती कमंद गांव में गुलदार ने एक बुजुर्ग को अपना शिकार बना लिया था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

विशेष बात यह है कि औणी गांव वन मंत्री सुबोध उनियाल का पैतृक क्षेत्र है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में गुलदार पहले ही पांच लोगों की जान ले चुका है, इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।

वन विभाग अलर्ट मोड पर

महातिम यादव ने बताया कि घटना के बाद वन विभाग की टीम को मौके पर तैनात कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक से बातचीत कर गुलदार को आदमखोर घोषित करने का अनुरोध किया गया है। साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त निगरानी बढ़ाई जा रही है।

 
Exit mobile version