Site icon The Mountain People

नीति घाटी में दौड़ेगा साहस का जुनून, CM ने ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026’ का काउंटडाउन रन किया फ्लैग ऑफ

 

 

 

 

TMP: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” के काउंटडाउन रन कार्यक्रम का फ्लैग ऑफ किया। इस दौरान उन्होंने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतीकात्मक दौड़ में भी भाग लिया। मुख्यमंत्री ने आगामी 31 मई 2026 को आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय एडवेंचर आयोजन के शुभंकर “क्यालु – हिम तेंदुआ” का भी अनावरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास को जगाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा कूट-कूटकर भरा है और यही ऊर्जा आने वाले समय में नीति घाटी की ऊंचाइयों पर नया इतिहास रचेगी।

इच्छाशक्ति और साहस की परीक्षा बनेगी दौड़

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अल्ट्रा रन केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि नीति घाटी जैसे दुर्गम और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में दौड़ने के लिए हिमालय जैसा अडिग विश्वास और कठिनाइयों को स्वीकार करने का साहस जरूरी है।

उन्होंने प्रतिभागियों को देवभूमि उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य का “ब्रांड एंबेसडर” बताते हुए कहा कि यह आयोजन नए उत्तराखंड की शक्ति और संभावनाओं का प्रतीक बनेगा।

सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह विजन कि सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं बल्कि पहले गांव हैं, इस आयोजन के माध्यम से साकार हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई गति देगा।

उन्होंने बताया कि इस महाआयोजन में देश के 27 राज्यों और दो अन्य देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है, जो युवाओं में एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रति बढ़ते आकर्षण को दर्शाता है।

उत्तराखंड बनेगा एडवेंचर स्पोर्ट्स हब

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो इंडिया और राष्ट्रीय खेलों जैसे अभियानों के माध्यम से खेल और फिटनेस को जनआंदोलन बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

इस अवसर पर सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेन्द्र भंडारी सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

 
 
Exit mobile version