Site icon The Mountain People

हरिद्वार में जुड़वा बच्चों में से एक की मौत, पिता ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

 

 

 

 

TMP: हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जुड़वा बच्चों में से एक मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि कुछ ही घंटों बाद पिता का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से पूरे मामले ने रहस्यमयी मोड़ ले लिया। पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार टीकमगढ़ निवासी राघवेंद्र जोशी अपनी पत्नी बबली और जुड़वा बच्चों के साथ हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे। परिवार कपड़ों की फेरी का काम करता था। बताया गया कि वे पिछले दो-तीन महीने से अपने गृह जनपद मध्य प्रदेश गए हुए थे और बुधवार रात ही हरिद्वार लौटे थे।

परिवार ने शिव मूर्ति वाली गली स्थित एक होटल में कमरा लिया था। गुरुवार सुबह राघवेंद्र वाहन लेने की बात कहकर निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे। इसी दौरान दोपहर में दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। पत्नी बबली होटल कर्मचारी की मदद से बच्चों को मेला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे बच्चे को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

चिकित्सकों के मुताबिक दूसरे बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन मृत बच्चे की मौत का कारण प्रारंभिक जांच में स्पष्ट नहीं हो पाया है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और महिला से पूछताछ की। इसी बीच ज्वालापुर के लाल पुल के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने आधार कार्ड के जरिए मृतक की पहचान राघवेंद्र जोशी के रूप में की। बाद में पत्नी बबली ने भी शव की शिनाख्त अपने पति के रूप में की।

अभय प्रताप सिंह ने बताया कि बच्चे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

 
 
Exit mobile version