Site icon The Mountain People

केदारघाटी और जोशीमठ में बदलेगा पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर, सरकार ने तेज की बड़ी परियोजनाएं

 

 

 

 

TMP: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत उत्तराखंड में पर्यटन और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ी पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में सचिवालय में दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रुद्रप्रयाग के रतूड़ा गांव में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह और चमोली जिले के जोशीमठ के रविग्राम में बनने वाली मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

रतूड़ा में बनेगा आधुनिक पहाड़ी शैली का राज्य अतिथि गृह

रुद्रप्रयाग जनपद के ग्राम रतूड़ा में लगभग ₹34.29 करोड़ की लागत से आधुनिक राज्य अतिथि गृह निर्माण की योजना तैयार की गई है। बैठक में परियोजना की डीपीआर पर विस्तार से चर्चा करते हुए सचिव डॉ. राजेश कुमार ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि भवन का डिजाइन पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप तैयार किया जाए, ताकि स्थानीय संस्कृति और आधुनिक सुविधाओं का संतुलित समावेश दिखाई दे।

प्रस्तावित अतिथि गृह में 20 आधुनिक कमरे, दो वीवीआईपी सुइट और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। अधिकारियों को जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग के साथ समन्वय कर परियोजना को और अधिक उपयोगी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्युत कार्यों की अलग डीपीआर शीघ्र शासन को भेजने को कहा गया।

केदारनाथ यात्रा क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ

सरकार का मानना है कि रतूड़ा में आधुनिक राज्य अतिथि गृह बनने से केदारनाथ यात्रा मार्ग पर आने वाले विशिष्ट अतिथियों, अधिकारियों और पर्यटकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलेंगी। इससे स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

जोशीमठ में पार्किंग संकट से मिलेगी राहत

दूसरी समीक्षा बैठक में जोशीमठ के रविग्राम क्षेत्र में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना पर चर्चा हुई। औली आने वाले पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार ने लगभग ₹5.69 करोड़ की लागत से पार्किंग सुविधा विकसित करने की योजना बनाई है।

परियोजना के तहत लोअर ग्राउंड स्तर पर 51 और ग्राउंड फ्लोर पर 46 वाहनों की पार्किंग व्यवस्था प्रस्तावित है। इस तरह कुल 97 कारों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी। पार्किंग परिसर तक पहुंचने के लिए सात मीटर चौड़ा मार्ग भी विकसित किया जाएगा।

सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर

सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग तक पहुंचने वाले मार्ग को और अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए। उन्होंने मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने तथा प्रवेश और निकास मार्गों को अलग-अलग करने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही चयनित भूमि को जिला विकास प्राधिकरण के पक्ष में हस्तांतरित करने की प्रक्रिया एक माह के भीतर पूरी करने को कहा गया।

पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति

सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और टिकाऊ आधारभूत ढांचे के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि पर्यटन, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिल सके।

 
 
Exit mobile version