Site icon The Mountain People

कार्बेट में  जंगली हथिनी ने जुड़वा शिशुओं को दिया जन्म, वन्यजीव विशेषज्ञों और पर्यटकों के लिए बना आकर्षण का केंद्र

 

 

 

कालागढ़ (पौड़ी): कार्बेट टाइगर रिजर्व से बेहद दुर्लभ और रोमांचित कर देने वाली खबर सामने आई है। बाघों की दहाड़ और हाथियों की चिंघाड़ से गूंजने वाले जंगल में एक जंगली हथिनी ने जुड़वा शिशुओं को जन्म दिया है। वन्यजीव विशेषज्ञ इसे अत्यंत दुर्लभ घटना मान रहे हैं।

यह अनोखा दृश्य तब सामने आया जब गर्जिया पर्यटक जोन में वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर संजय छिमवाल ने हथिनी और उसके दोनों नवजात शिशुओं को अपने कैमरे में कैद किया। जंगल में हाथियों के जुड़वा बच्चों का जन्म बेहद कम देखने को मिलता है, इसलिए यह घटना वन्यजीव प्रेमियों और वन विभाग के लिए खास मानी जा रही है।

सुरक्षा के लिए बढ़ाई गई निगरानी

कार्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन ने गर्जिया जोन में गश्ती दलों को अतिरिक्त सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि हथिनी और उसके नवजात शिशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

कार्बेट टाइगर रिजर्व के वार्डन बिंदरपाल ने बताया कि जंगल के हाथियों में जुड़वा शिशुओं का जन्म अत्यंत दुर्लभ घटना है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामले एक प्रतिशत से भी कम देखने को मिलते हैं। भारत में भी मादा हथिनी द्वारा जुड़वा बच्चों को जन्म देने की घटनाएं बेहद कम दर्ज हुई हैं।

पहले भी पन्ना टाइगर रिजर्व में सामने आया था मामला

इससे पहले नवंबर 2025 में पन्ना टाइगर रिजर्व में 57 वर्षीय हथिनी “अनारकली” ने दो मादा शिशुओं को जन्म दिया था। इसे भारत में हथिनी द्वारा जुड़वा बच्चों के जन्म का पहला दर्ज मामला बताया गया था।

अब मई 2026 में कार्बेट में हुई इस घटना ने वन्यजीव विशेषज्ञों और पर्यावरण प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। विशेषज्ञ इसे हाथियों के संरक्षण और स्वस्थ वन्य पारिस्थितिकी तंत्र का सकारात्मक संकेत मान रहे हैं।

 
Exit mobile version