देहरादून: ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सूचना विभाग में शनिवार को ‘नो व्हीकल डे’ मनाया गया। शासन के निर्देशों के तहत विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक वाहन, साइकिल और पैदल कार्यालय पहुंचकर इस पहल में सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस दौरान महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी स्वयं साइकिल से सूचना निदेशालय पहुंचे। वहीं विभाग के अपर निदेशक सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से कार्यालय पहुंचे। इसके अलावा अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इलेक्ट्रिक स्कूटी, साइकिल और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर अभियान को सफल बनाने में भागीदारी की।
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग भविष्य में भी इस पहल को लगातार जारी रखेगा, ताकि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता को और मजबूत किया जा सके।
