Site icon The Mountain People

रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा में हादसा, तेज बहाव में बहा युवक; एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

 

 

 

 

TMP: तिलवाड़ा में मंदाकिनी नदी में नहाने के दौरान एक होटल मैनेजर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक के शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार हादसा तिलवाड़ा रामपुर स्थित गौरीकुंड हाईवे क्षेत्र में हुआ। शुक्रवार को चौकी तिलवाड़ा पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक मंदाकिनी नदी में डूब गया है। सूचना पर प्रभारी चौकी तिलवाड़ा एएसआई जावेद अली और कांस्टेबल भूपेंद्र भट्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की मदद से नदी में खोजबीन शुरू की गई।

जांच में मृतक की पहचान मनीष उर्फ मोनू निवासी ग्राम फागनवा, थाना सदर, जिला सीकर, Rajasthan के रूप में हुई। वह स्थानीय उमाश्री होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत था।

बताया गया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे मनीष अपने साथियों हरप्रीत, हरमन और युवराज के साथ मंदाकिनी नदी में नहाने गया था। पहले सभी लोग होटल के नीचे नदी किनारे नहा रहे थे, लेकिन बाद में मनीष शिवानी होटल के पीछे नदी क्षेत्र में चला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मनीष तैरते हुए नदी के बीच तक पहुंच गया, जहां पानी का बहाव काफी तेज था। तेज धारा की चपेट में आने से वह नदी में डूब गया। कुछ देर बाद जब पानी का बहाव थोड़ा कम हुआ तो उसका शव दिखाई दिया। इसके बाद साथियों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।

एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उच्च अधिकारियों को भी घटना से अवगत करा दिया गया है।

Exit mobile version