Site icon The Mountain People

BJP नेता सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या, बंगाल में बढ़ा सियासी तना

photo- republicbharat

 

 

 

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के BJP नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मंगलवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात मध्यमग्राम इलाके में हुई, जहां हमलावरों ने कथित तौर पर पीछा करने के बाद उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

पुलिस के अनुसार, चंद्रनाथ रथ अपनी स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में एक सफेद कार उनकी गाड़ी का पीछा करती दिखाई दी। घर से करीब 200 मीटर पहले हमलावरों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश की और कार धीमी होते ही कई राउंड गोलियां चला दीं। हमले के बाद आरोपी वाहन छोड़कर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल रथ को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

41 वर्षीय चंद्रनाथ रथ मूल रूप से पूर्वी मिदनापुर के चंडीपुर के रहने वाले थे। उन्होंने शुरुआती दौर में भारतीय वायुसेना में सेवा दी थी, लेकिन बाद में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर राजनीति से जुड़े। वे लंबे समय से सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी थे और उनके राजनीतिक कार्यक्रमों, बैठकों और चुनावी अभियानों की जिम्मेदारी संभालते थे।

बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भी उन्होंने सुवेंदु अधिकारी के चुनाव अभियान में अहम भूमिका निभाई थी। उनके परिवार में मां, छोटा भाई और अन्य सदस्य हैं। घटना के बाद परिवार सदमे में है।

यह हत्या ऐसे समय हुई है जब पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक तनाव और हिंसा की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। चुनाव के दौरान अपेक्षाकृत शांत माहौल रहने के बावजूद नतीजों के बाद कई इलाकों से हिंसा की खबरें सामने आई हैं।

गौरतलब है कि घटना से कुछ घंटे पहले ही सुवेंदु अधिकारी ने राज्यवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की थी और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था।

चंद्रनाथ रथ की हत्या ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया तनाव पैदा कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश जारी है।

 
 
Exit mobile version