Site icon The Mountain People

जनसुनवाई में सीएम धामी सख्त: शिकायतों के त्वरित समाधान और जवाबदेही पर जोर

 

 

 

 

देहरादून: CM धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई में प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और भूमि विवाद जैसे मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए और हर मामले की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएम धामी ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों को तुरंत संबंधित विभागों को भेजा जाए और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी देना भी अनिवार्य होगा।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई सरकार और जनता के बीच संवाद का मजबूत माध्यम है, जिससे जमीनी समस्याओं की सही जानकारी मिलती है और उनके समाधान के लिए प्रभावी निर्णय लिए जा सकते हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को उसकी समस्या का त्वरित और प्रभावी समाधान मिले।

मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि सरकार जनकल्याण, सुशासन और समग्र विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस मौके पर हिमानी शिवपुरी ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। वहीं आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी अपनी समस्याओं पर सकारात्मक आश्वासन मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

 
Exit mobile version