Site icon The Mountain People

देहरादून ट्रैफिक पर सख्त एक्शन मोड: मुख्य सचिव ने 100 बसें चलाने, पार्किंग और जंक्शन सुधार के दिए निर्देश

 

 

 

देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में देहरादून मोबिलिटी प्लान की समीक्षा करते हुए शहर के बढ़ते यातायात दबाव से निपटने के लिए सख्त और समयबद्ध निर्देश जारी किए।

मुख्य सचिव ने कहा कि दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के चालू होने और चारधाम यात्रा के दौरान देहरादून में ट्रैफिक दबाव और बढ़ेगा, ऐसे में तत्काल प्रभाव से मजबूत ट्रैफिक प्लान तैयार करना जरूरी है।

15 मई तक आढ़त बाजार रजिस्ट्री पूरी करने के निर्देश

मुख्य सचिव ने आढ़त बाजार के पुनर्विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने 15 मई 2026 तक रजिस्ट्री और मुआवजा प्रक्रिया पूर्ण करने और ध्वस्तीकरण कार्य शुरू करने को कहा। साथ ही निरंजनपुर मंडी को शीघ्र शुरू करने और इसके लिए साइट सिलेक्शन कमेटी बनाने के निर्देश दिए।

अंडरग्राउंड पार्किंग और जंक्शन सुधार पर जोर

सचिवालय और परेड ग्राउंड के पास अंडरग्राउंड पार्किंग के लिए DPR जल्द तैयार करने को कहा गया। वहीं कारगी चौक सहित प्रमुख जंक्शनों के सुधार कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में 4 जंक्शनों पर काम शुरू हो चुका है, जबकि 6 प्रस्ताव प्रक्रिया में हैं।

सितंबर तक 100 बसें सड़कों पर

पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने के लिए परिवहन विभाग को सितंबर तक देहरादून के विभिन्न रूट्स पर 100 बसें संचालित करने के निर्देश दिए गए।

ट्रैफिक नियमों पर सख्ती

पुलिस विभाग को नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर चालान, लेफ्ट टर्न फ्री रखने और टोइंग वैन की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बड़े आयोजनों के दौरान ट्रैफिक प्लान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया।

ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल

मुख्य सचिव ने रात के समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड और ANPR कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।

अंडरग्राउंड कार्य समय पर पूरे हों

UPCL और गैस पाइपलाइन से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया गया, ताकि बार-बार खुदाई से यातायात बाधित न हो। बैठक में सविन बंसल, परमेन्द्र डोभाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 
 
Exit mobile version