Site icon The Mountain People

अंबेडकर जयंती पर गूंजा ‘सामाजिक न्याय’ का संदेश, CM धामी ने दी श्रद्धांजलि, भाजपा में शामिल हुईं सरोज राणा

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग: डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर रुद्रप्रयाग स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का भारतीय संविधान निर्माण में योगदान अतुलनीय है। उन्होंने देश को एक मजबूत संवैधानिक ढांचा प्रदान किया और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए आजीवन संघर्ष किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हर नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए जो संघर्ष किया, वह अनुकरणीय है। उन्होंने सभी से अपील की कि डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यशाला में अन्य वक्ताओं ने भी बाबा साहेब के जीवन, उनके विचारों और संविधान के मूल सिद्धांतों—समानता, स्वतंत्रता और सामाजिक समरसता—पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर कालीमठ जिला पंचायत वार्ड से जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सरोज राणा ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर भाजपा परिवार में शामिल होने की घोषणा की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत, महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिला सह प्रभारी रघुबीर सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री विजय कप्रवाण, ऋषि कंडवाल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुमन जमलोकी, कार्यक्रम संयोजक विनोद देवशाली, जिला महामंत्री अरुण चमोली, राय सिंह राणा, जिला मीडिया प्रभारी सतेंद्र बर्तवाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version