Site icon The Mountain People

PM मोदी के दौरे से पहले बड़ा फैसला: देहरादून के लच्छीवाला और आशारोड़ी टोल पूरे दिन रहेंगे फ्री

 

 

 

 

देहरादून: नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने लच्छीवाला टोल प्लाजा और आशारोड़ी बैरियर को एक दिन के लिए पूरी तरह टोल मुक्त करने के आदेश जारी किए हैं।

मंगलवार को सुबह 5 बजे से शाम 8 बजे तक इन दोनों प्रवेश बिंदुओं से गुजरने वाले सभी छोटे-बड़े वाहन बिना किसी शुल्क के आवागमन कर सकेंगे। इस दौरान फास्टैग से भी कोई राशि नहीं काटी जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण और जसवंत (महिंद्रा) ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा के चलते बड़ी संख्या में वाहनों के शहर में प्रवेश करने की संभावना है। सीमावर्ती क्षेत्रों और पर्वतीय जिलों से बसों और निजी वाहनों की आवाजाही बढ़ने का अनुमान है, जिससे जाम की स्थिति बन सकती है।

इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत यह आदेश जारी किया गया है, ताकि टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार न लगे और यातायात निर्बाध रूप से चलता रहे।

प्रशासन का मानना है कि इस फैसले से शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव कम होगा और मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा।

 
 
Exit mobile version