Site icon The Mountain People

टिहरी में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आगाज़, देशभर के 440 खिलाड़ी उतरे मैदान में

 

 

 

टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड एक बार फिर राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूती से उभरता नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को टिहरी गढ़वाल स्थित वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट, टिहरी गढ़वाल में आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने देशभर से आए पुलिस और अर्धसैनिक बलों के खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का देवभूमि में गर्मजोशी से स्वागत करते हुए इसे राज्य के लिए “गौरव का क्षण” बताया। उन्होंने कहा कि पहली बार उत्तराखंड को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी मिलना राज्य की बढ़ती खेल क्षमता का प्रमाण है।

चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। ये खिलाड़ी कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग जैसी रोमांचक जल क्रीड़ाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मंच देते हैं, बल्कि उत्तराखंड को एडवेंचर स्पोर्ट्स और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान भी दिलाते हैं। उन्होंने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की भूमिका को सराहते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है। खेल उन्हें अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन की क्षमता प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वाटर स्पोर्ट्स आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत और रेस्क्यू ऑपरेशन जैसे कार्यों में बेहद उपयोगी साबित होते हैं और कई बार जीवन रक्षक भूमिका निभाते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया” जैसे अभियानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन पहलों ने देश में खेलों के प्रति नई ऊर्जा पैदा की है। राज्य सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने और आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड अब ‘देवभूमि’ के साथ-साथ ‘खेलभूमि’ के रूप में भी तेजी से पहचान बना रहा है। भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की दिशा में भी राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवान, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 
 
Exit mobile version