Site icon The Mountain People

कुंभ-2027 की तैयारियों को रफ्तार: सीएम धामी ने केंद्र से मांगे 750 करोड़, गंगा कॉरिडोर और मेट्रो-आरआरटीएस पर जोर

 

 

 

 

नई दिल्ली/देहरादून: उत्तराखंड में आगामी कुंभ-2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर राज्य की अहम परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में प्रस्तावित गंगा कॉरिडोर से जुड़ी करीब 325 करोड़ रुपये की परियोजना के लिए केंद्र से वित्तीय स्वीकृति का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण और आधुनिक स्वचालित प्रणाली विकसित की जानी है, जो कुंभ के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारू बनाएगी। इसके साथ ही दूसरे चरण के लिए लगभग 425 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि मंजूर करने की भी मांग रखी गई।

सीएम धामी ने हरिद्वार और ऋषिकेश में कुंभ-2027 की तैयारियों के मद्देनजर घाटों के सौंदर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं के विस्तार और शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्र से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

बैठक में परिवहन ढांचे को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) को मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तार देने के साथ ही देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से ट्रैफिक दबाव कम होगा, जाम की समस्या से राहत मिलेगी और पर्यावरण पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक परिवहन नेटवर्क से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने से पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

वहीं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा रखे गए प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

 
 
Exit mobile version