Site icon The Mountain People

‘देवभूमि में हर छात्र सुरक्षित’—सीएम धामी ने नॉर्थ ईस्ट युवाओं को दिया भरोसा, सांस्कृतिक एकता पर जोर

 

 

 

देहरादून। उत्तराखंड में पढ़ने आने वाले देशभर के छात्रों, खासकर नॉर्थ ईस्ट के युवाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार ने अपना रुख साफ कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में आने वाला हर छात्र सुरक्षित है और उसकी सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री आवास में “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान के तहत आयोजित संवाद कार्यक्रम में पूर्वोत्तर राज्यों से आए युवाओं ने सीएम से सीधे बातचीत की। इस दौरान छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य में उनकी सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस व्यवस्थाएं की गई हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों के बीच सांस्कृतिक और भौगोलिक समानताएं दोनों क्षेत्रों को और करीब लाती हैं। पहाड़, प्रकृति, लोकजीवन और परंपराएं इन क्षेत्रों को एक साझा पहचान देती हैं, जो “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूत करती हैं।

ये भी पढ़ें : कानून से खिलवाड़ पर ‘जीरो टॉलरेंस’—सीएम धामी का सख्त एक्शन, लापरवाह अफसर सस्पेंड

महिला सशक्तिकरण पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और इसके लिए सरकार ने करीब 19 हजार करोड़ रुपये का जेंडर बजट निर्धारित किया है। ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रही हैं।

सीएम धामी ने युवाओं को “देश का ब्रांड एंबेसडर” बताते हुए कहा कि वे विभिन्न संस्कृतियों को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने उत्तर-पूर्व के राज्यों की विविधता—अरुणाचल की पहाड़ियां, असम के चाय बागान, मणिपुर की झीलें और सिक्किम की चोटियों—का उल्लेख करते हुए इसे भारत की ताकत बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नॉर्थ ईस्ट में तेजी से विकास हुआ है और कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन के क्षेत्र में बड़े बदलाव आए हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे बाहरी राज्यों से आने वाले छात्रों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार रखें और “अतिथि देवो भवः” की परंपरा को मजबूत करें। साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य सरकार हेल्पलाइन, जागरूकता कार्यक्रम और एंटी-रेसिज्म पहल के जरिए भी छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है।

कार्यक्रम में युवाओं को स्किल डेवलपमेंट, स्टार्टअप और ऑर्गेनिक फार्मिंग जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड सरकार हर छात्र के साथ खड़ी है और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है।

 
 
Exit mobile version