देहरादून: CM पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को इन्द्रानगर स्थित होटल रॉयल इन पैलेस में मन की बात के 132वें एपिसोड को सुना और कहा कि उत्तराखंड को ‘ऑल-सीजन टूरिज्म हब’ बनाने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘मन की बात’ कार्यक्रम एक अनूठा जनसंवाद मंच है, जो देश के कोने-कोने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को पहचान दिलाता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने कार्यक्रमों में उत्तराखंड का विशेष उल्लेख करते रहे हैं, जिससे राज्य के पर्यटन को नई पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे और उनके उल्लेख का असर राज्य में बढ़ती पर्यटक संख्या के रूप में साफ दिखाई दे रहा है।
सीएम धामी के अनुसार, इस वर्ष उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है। अब तक डेढ़ लाख से अधिक पर्यटक राज्य में शीतकालीन यात्रा के लिए पहुंच चुके हैं, जबकि आदि कैलाश क्षेत्र में 36 हजार से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक दर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को वर्षभर सक्रिय रखने के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है। सड़क संपर्क, आवासीय सुविधाएं, डिजिटल सेवाएं और पर्यटन स्थलों का विकास प्राथमिकता में शामिल हैं। साथ ही ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे योजना और धार्मिक पर्यटन को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को एक ऐसे पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना है, जहां हर मौसम में पर्यटक पहुंचें और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।