Site icon The Mountain People

‘4 साल बेमिसाल’ का बड़ा शो: धामी बोले—संकल्प से सिद्धि तक, उत्तराखण्ड ने रचा नया इतिहास

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को परेड ग्राउंड में आयोजित ‘4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस दौरान उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

कार्यक्रम की शुरुआत नवरात्र की शुभकामनाओं के साथ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चार साल पहले जनता ने मिथकों को तोड़ते हुए उन्हें दोबारा सेवा का अवसर दिया था। उसी मैदान में लिए गए संकल्प अब तेजी से सिद्धि की ओर बढ़ रहे हैं।

“उत्तराखण्ड का दशक” बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा केदारनाथ से दिया गया “यह दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा” का संदेश राज्य सरकार के लिए मार्गदर्शक बना हुआ है। इसी विजन के साथ सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य में पहली बार जी-20 बैठकों, राष्ट्रीय खेलों और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट जैसे बड़े आयोजनों का सफल संचालन हुआ, जिससे उत्तराखण्ड की वैश्विक पहचान मजबूत हुई।

अर्थव्यवस्था और निवेश में मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि दर्ज की गई है। जीएसडीपी में 7.23% की वृद्धि और प्रति व्यक्ति आय में 41% का इजाफा हुआ है।

उन्होंने बताया कि इस दौरान 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए और स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर 1700 से ज्यादा हो गई। साथ ही 2.65 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बनी हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान

धामी ने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (SDG) इंडेक्स में उत्तराखण्ड को पहला स्थान मिला है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में “Achievers” और स्टार्टअप रैंकिंग में “Leaders” श्रेणी प्राप्त हुई है।

उन्होंने बताया कि राज्य को खनन सुधारों में देशभर में दूसरा स्थान मिला और इसके लिए ₹200 करोड़ का पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है।

नई कार्य संस्कृति और तेज़ विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून को आधुनिक शहर बनाने के लिए ₹1400 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि अब सरकार शिलान्यास के साथ समयबद्ध तरीके से परियोजनाओं का लोकार्पण भी सुनिश्चित कर रही है।

उन्होंने पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले योजनाओं का लाभ पूरी तरह जनता तक नहीं पहुंचता था, लेकिन अब पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है।

युवाओं के लिए सख्त कदम

धामी ने कहा कि नकल और पेपर लीक पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून लागू किया गया, जिसके बाद 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने बताया कि 100 से ज्यादा नकल माफिया जेल भेजे जा चुके हैं।

“देवभूमि के स्वरूप की रक्षा” पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान और डेमोग्राफी की रक्षा के लिए सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और अन्य कड़े कदम उठाए गए हैं। 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

साथ ही, समान नागरिक संहिता लागू कर सभी नागरिकों के लिए समान कानून सुनिश्चित किया गया है।

Exit mobile version