देहरादून: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शुक्रवार को लोक भवन में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में उत्तराखण्ड सरकार के मंत्रिपरिषद के नवनियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
राज्यपाल ने विधायक खजान दास, मदन कौशिक, भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण के साथ ही प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है, जिसे राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
समारोह में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, सांसद महेन्द्र भट्ट और नरेश बंसल सहित कई गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने किया।
यह मंत्रिमंडल विस्तार राज्य सरकार की कार्यशैली और आगामी योजनाओं को गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।