हरिद्वार: 7 मार्च 2026 को प्रस्तावित केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे से पूर्व तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार स्थित बैरागी कैंप पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने मंच व्यवस्था, बैठक योजना, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित सभी बिंदुओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री का उत्तराखण्ड आगमन राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए और कहा कि पुलिस एवं प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए चिकित्सा सेवाएं, आपातकालीन सहायता और अग्निशमन व्यवस्था को पूरी तरह मुस्तैद रखने को कहा। साथ ही, यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत प्लान तैयार करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि शहर में जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए और यातायात सुचारू रहे ताकि आम लोगों को असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने तैयारियों की प्रगति की जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यातायात और पार्किंग प्रबंधन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष किरन चौधरी, मेयर हरिद्वार किरन जैसल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एमडी सिडकुल सौरव गैहरवार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन अब 7 मार्च के कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।

