Site icon The Mountain People

चारधाम यात्रा से पहले सख्ती: NH-34 को 15 अप्रैल तक दुरुस्त करने के निर्देश

 

 

 

TMP: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर शुक्रवार को सचिव लोक निर्माण डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत उत्तरकाशी-भटवाड़ी-हर्षिल-गंगोत्री मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 के निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

15 अप्रैल 2026 तक सड़क दुरुस्त करने के निर्देश

सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने Border Roads Organisation (बीआरओ) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 अप्रैल 2026 तक एनएच-34 को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए। उन्होंने यात्रा मार्ग से मलबा हटाने, डेंजर एवं लैंडस्लाइड जोन में आवश्यक कटिंग कर चौड़ाई बढ़ाने तथा हॉट मिक्स कार्य कर राइडिंग क्वालिटी सुधारने के निर्देश दिए।

स्वाडी-गाड में 85 मीटर स्टील सेतु पर तेजी लाने के आदेश

स्वाडी-गाड में निर्माणाधीन 85 मीटर स्पान स्टील सेतु के कार्य में तेजी लाने को कहा गया। सचिव ने स्पष्ट किया कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व स्टील गर्डर सेतु की लॉचिंग, डैक स्लैब निर्माण और एप्रोच रोड का कार्य पूर्ण कर लिया जाए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य सरकार चारधाम से संबंधित सभी कार्यों को प्राथमिकता और तीव्र गति से पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है।

धराली में क्षतिग्रस्त पैदल सेतु और सड़क कार्यों पर नाराजगी

डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने मुखवा से धराली तक पैदल मार्ग एवं पैदल सेतु का भी निरीक्षण किया। धराली क्षेत्र में आई भीषण दैवीय आपदा के कारण क्षतिग्रस्त पैदल सेतु की मरम्मत कार्य प्रारंभ न होने तथा धराली और हर्षिल के बीच दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग के पुनर्निर्माण कार्य शुरू न होने पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

यात्रा से पहले राइडिंग क्वालिटी सुधारने का आश्वासन

बीआरओ एवं विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी संबंधित स्थलों पर हॉट मिक्स कार्य कर सड़क की राइडिंग क्वालिटी में सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर इं. रणजीत सिंह, इं. विजय कुमार, इं. नवीन लाल, इं. कैलाश चन्द्र नौटियाल, मेजर सन्तोष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 
 
Exit mobile version