Site icon The Mountain People

डोईवाला में अवैध मस्जिद सीलिंग को लेकर प्रदर्शन, हिंदू संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी

 

 

 

डोईवाला (देहरादून): ग्राम कुड़ियाल रानीपोखरी के कंडोगल थानो में स्थित कथित अवैध मस्जिद को सील करने की मांग को लेकर मंगलवार को हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मस्जिद की ओर जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें थानो चौक के समीप धारकोट मार्ग पर रोक दिया।

पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान जय श्रीराम के नारे लगाए गए और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के प्रांत प्रमुख नरेश उनियाल ने कहा कि यदि तीन मार्च तक मस्जिद के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई, तो सभी कार्यकर्ता वहीं होली मिलन कार्यक्रम आयोजित करेंगे और पुनः हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा।

काली सेना के संयोजक भूपेश जोशी ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब सीलिंग के आदेश पहले ही जारी हो चुके हैं, तो अब तक कार्रवाई किस दबाव में रोकी गई है।

करीब ढाई घंटे तक चले प्रदर्शन को देखते हुए सीओ ऋषिकेश नीरज सेमवाल के नेतृत्व में थाना रानीपोखरी, कोतवाली ऋषिकेश और कोतवाली रायवाला की पुलिस मौके पर तैनात रही। प्रदर्शन शाम चार बजे शुरू होकर सवा छह बजे तक चला।

प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद के जिला धर्माचार्य प्रमुख जितेंद्र राजपूत, दुर्गा वाहिनी की जिला संयोजक राखी क्षेत्री सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

16 फरवरी को होनी थी सीलिंग कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, उपजिलाधिकारी डोईवाला ने उक्त मस्जिद को 16 फरवरी को सील करने के आदेश जारी किए थे, लेकिन उस दिन कार्रवाई नहीं हो सकी। इससे नाराज हिंदू संगठनों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया।

गौरतलब है कि 17 दिसंबर 2025 को मस्जिद के प्रथम तल को सील किया जा चुका है। मस्जिद कमेटी की मांग पर भूतल स्थित कमरे को इमामों के रहने की वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण उस दिन सील नहीं किया गया था। इसके लिए 20–25 दिन की मोहलत दी गई थी।

इसके अलावा मस्जिद संचालन से संबंधित स्वीकृत मानचित्र, उत्तराखंड वक्फ बोर्ड से अनापत्ति प्रमाण पत्र और उत्तराखंड मदरसा शिक्षा परिषद से मान्यता के अभिलेख 7 जनवरी 2026 तक जमा करने के निर्देश दिए गए थे। 11 फरवरी को हुई सुनवाई में मस्जिद कमेटी द्वारा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, जिसके बाद 16 फरवरी को सीलिंग के आदेश जारी किए गए।

Exit mobile version