Site icon The Mountain People

चंद्रबनी श्मशान घाट के पास नाले में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान में जुटी पटेलनगर पुलिस

 

 

 

देहरादून: राजधानी देहरादून के कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र अंतर्गत चंद्रबनी श्मशान घाट के समीप एक गंदे नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया।

पुलिस द्वारा फील्ड यूनिट की सहायता से घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की स्पष्ट चोट या खरोंच के निशान नहीं पाए गए। वहीं, मृतक के पास से कोई भी पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हो सका।

पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद अज्ञात शव को पहचान के लिए कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। शव की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

 
Exit mobile version