देहरादून: उत्तराखंड में हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी है। मंगलवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में हुई बैठक में उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी स्कीम की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने आदि कैलाश, नाभिडांग और जॉलीकांग को हवाई सेवा से जोड़ने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सहस्त्रधारा–पूर्णागिरी हवाई सेवा को जल्द शुरू करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की संभावनाओं पर लगातार काम किया जाए।
पर्यटन सर्किट को मजबूती देने के लिए हेलीपैड और हेलीपोर्ट सुविधाओं के विस्तार पर विशेष फोकस किया गया। बैठक में सचिव सचिन कुर्वे ने बताया कि राज्य में हवाई ढांचे को मजबूत करने के प्रयास तेज हैं और नैनीसैनी एयरपोर्ट जल्द ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को सौंपा जाएगा। बैठक में अपर सचिव आशीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।