Site icon The Mountain People

देहरादून में पॉड टैक्सी और मसूरी-नैनीताल में रोपवे को लेकर तेज हुई तैयारी, फिजिबिलिटी स्टडी की प्रगति पर समीक्षा

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत देहरादून शहर में प्रस्तावित पीआरटी (पॉड टैक्सी) परियोजना तथा मसूरी और नैनीताल में प्रस्तावित रोपवे परियोजनाओं की फिजिबिलिटी स्टडी को लेकर मंगलवार को सचिवालय में अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सचिव आवास, उत्तराखण्ड शासन डॉ. आर. राजेश कुमार ने की।

बैठक में उत्तराखण्ड मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूएमआरसी) और संबंधित विभागों द्वारा परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। अधिकारियों ने परियोजनाओं के तकनीकी, सामाजिक, पर्यावरणीय और वित्तीय पहलुओं से अवगत कराया।

बताया गया कि देहरादून में प्रस्तावित पीआरटी परियोजना को ईबीआरटीएस के फीडर सिस्टम के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके अंतर्गत क्लेमेंटाउन से बल्लूपुर चौक, पंडितवाड़ी से रेलवे स्टेशन और गांधी पार्क से आईटी पार्क तक तीन प्रमुख कॉरिडोर प्रस्तावित किए गए हैं। परियोजना से शहर में यातायात दबाव कम होने के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने डीपीआर में परियोजना की आवश्यकता, पर्यावरणीय प्रभाव आकलन, सामाजिक प्रभाव और वित्तीय व्यवहार्यता को और अधिक स्पष्ट रूप से शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने संशोधित डीपीआर के साथ अगली समीक्षा बैठक में पुनः प्रस्तुतीकरण करने को कहा। साथ ही प्रस्तावित कॉरिडोर का स्थलीय निरीक्षण करने की भी इच्छा जताई।

बैठक में मसूरी और नैनीताल में प्रस्तावित रोपवे परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि रोपवे से पर्वतीय शहरों में जाम, पार्किंग समस्या और प्रदूषण में कमी आएगी। आवास सचिव ने रोपवे परियोजनाओं के अंतर्गत आने वाली भूमि का विस्तृत विवरण और स्वामित्व की स्थिति शीघ्र तैयार कर संबंधित विभागों से समन्वय करने के निर्देश दिए।

डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप राज्य सरकार भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहरी परिवहन को आधुनिक बना रही है। पॉड टैक्सी और रोपवे जैसी परियोजनाएं न केवल यातायात समाधान प्रदान करेंगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को भी नया बल देंगी।

बैठक में संयुक्त सचिव आवास धीरेंद्र कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) संजीव मेहता, महाप्रबंधक (सिविल) संजय जी. पाठक सहित उत्तराखण्ड मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन एवं परामर्शदात्री संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 
 
Exit mobile version