Site icon The Mountain People

दून में दिल दहला देने वाली वारदात: दूल्हा बाजार में युवती की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

 

 

 

देहरादून: कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत दूल्हा बाजार के पास सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना में एक युवक ने युवती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान गुंजन पुत्री मनीष श्रीवास्तव, निवासी गोविंदगढ़ के रूप में हुई है। वह दूल्हा बाजार स्थित एक दुकान में काम करती थी और रोज की तरह सोमवार सुबह काम पर पहुंची थी। बताया गया कि वह अपनी स्कूटी गली में खड़ी कर दुकान की ओर जा रही थी, तभी घात लगाए बैठे युवक ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

घायल अवस्था में युवती को तत्काल दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तीन साल से परिचय, रिश्ते को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भी दूल्हा बाजार की एक दुकान में काम करता है और बीते तीन वर्षों से उसका मृतका से मेल-जोल था। मृतका के परिजनों को इस संबंध की जानकारी होने पर उन्होंने आपत्ति जताई थी और दोनों पक्षों के बीच पहले ही आपसी सहमति से संबंध समाप्त करने को लेकर चौकी खुड़बुड़ा में एक समझौता पत्र दिया गया था।

बताया गया कि दो दिन पहले भी युवती ने आरोपी को समझाने के लिए पुलिस चौकी में प्रार्थना पत्र दिया था, जिसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। पुलिस के दबाव के चलते आरोपी मोबाइल बंद कर घर से गायब हो गया था और अलग-अलग स्थानों पर छिप रहा था।

लगातार पारिवारिक तनाव, पुलिस की कार्रवाई और युवती द्वारा बातचीत बंद करने से आक्रोशित होकर आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण

आकाश पुत्र कोमलराम, निवासी 46 मन्नूगंज, खुड़बुड़ा मोहल्ला, कोतवाली नगर, देहरादून, उम्र 27 वर्ष। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version