TMP: देश में आज केंद्रीय बजट पेश किया जाना है, लेकिन उससे पहले ही आम उपभोक्ताओं और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को महंगाई का एक और झटका लगा है। 1 फरवरी 2026 से एलपीजी सिलेंडरों की नई दरें लागू हो गई हैं, जिनमें कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं। हालांकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कॉमर्शियल सिलेंडर पर 50 रुपये तक की बढ़ोतरी
नई दरों के मुताबिक, 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में लगभग 50 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी दिल्ली में जहां पहले यह सिलेंडर 1691.50 रुपये में मिलता था, अब इसकी कीमत बढ़कर 1740.50 रुपये हो गई है। कोलकाता में यह 1844.50 रुपये, मुंबई में करीब 1692 रुपये और अन्य महानगरों में भी इसी के आसपास नए रेट लागू किए गए हैं।
घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत
तेल कंपनियों के अनुसार 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में यह सिलेंडर 853 रुपये, उत्तर प्रदेश में 850.50 रुपये, पटना में 951 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और लखनऊ में 890.50 रुपये के आसपास मिल रहा है।
पिछले बजट डे पर मिली थी मामूली राहत
गौरतलब है कि पिछले वर्ष बजट वाले दिन कॉमर्शियल सिलेंडर के दामों में हल्की सी कटौती की गई थी, जिससे उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिली थी। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें तब भी स्थिर रहीं।
बजट से ठीक पहले हुए इस बदलाव से खासतौर पर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की लागत बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल राहत की खबर है।

